डंपर से आमने-सामने की भिड़ंत में अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजय सिंह की मौत

 

 

हरिद्वार: भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजय सिंह का परिवार बहादराबाद क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गया। डंपर से आमने-सामने की भिड़ंत में भाजपा नेता संजय सिंह की अस्पताल में मौत हो गई। जबकि उनके परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दुखद खबर की सूचना मिलते ही भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप गोयल समेत तमाम भाजपा नेता दुर्घटना स्थल और अस्पताल की तरफ दौड़ पड़े। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।


पुलिस के मुताबिक, भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजय सिंह निवासी जगजीतपुर कनखल अपने परिवार के साथ कार में रुड़की की ओर से वापस अपने घर लौट रहे थे। पथरी रौ पुल के पास सामने से आ रहे डंपर ने उनकी कार को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और संजय सिंह व उनके परिवार के सदस्य घायल हो गए। 

चीख पुकार सुनकर राहगीर मदद के लिए रुके और पुलिस को सूचना दी। कस्बा चौकी प्रभारी प्रदीप राठौर ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां संजय सिंह को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप गोयल ने भी इसकी पुष्टि करते हुए निधन पर शोक जताया। सीओ शांतनु पाराशर बहादराबाद थानाध्यक्ष नरेश राठौड़  घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।