बहादराबाद में नारी शक्ति फिटनेस रन 2024 के अंतर्गत महिलाओं की दौड़ प्रतियोगिता : प्रेरणा सैनी

 

रुड़की। नेहरू युवा केंद्र, हरिद्वार, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा विकासखंड बहादराबाद के ग्राम ब्रह्मपुरी रावली महदूद में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक प्रेरणा सैनी द्वारा रमेश कुमार मेमोरियल शिक्षण संस्थान जूनियर हाई स्कूल, ब्रह्मपुरी रावली महदूद में नारी शक्ति फिटनेस रन के अंतर्गत महिलाओं की दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें 25 बालिकाओं ने दौड़ में प्रतिभाग किया। इस प्रतियोगिता कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान ब्रह्मपुरी रावली महदूद प्रमोद कुमार, उप प्रधान अमन कुमार कमल, मनोज पाल, श्रीमति यशोदा सैनी, प्रधानाचार्या श्रीमति उषा शर्मा, मुख्य अध्यापिका रोशनी गर्ग, सचिन विकास सैनी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस प्रतियोगिता में 15 वर्ष से ऊपर की बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। ग्राम प्रधान प्रमोद कुमार जी ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक स्वस्थ शरीर के लिए नियमित व्यायाम करना बहुत जरूरी है। हमेशा यह सलाह दी जाती है कि स्वस्थ रहने के लिए हमें रोजाना व्यायाम के लिए कम से कम 30 मिनट जरूर निकालने चाहिए। नेहरू युवा केंद्र, हरिद्वार की राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक प्रेरणा सैनी द्वारा बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा गया कि आजकल की इस भागदौड़ भरी जिंदगी के कारण हम गंभीर बीमारियों की चपेट में आ जाते हैं। शरीर को स्वस्थ रखना बेहद जरूरी है। इसके लिए दौड़ और व्यायाम करना आवश्यक हैं। पैदल चलना, साइकिलिंग और रस्सी कूदना आदि कुछ ऐसी सरल एक्सरसाइज हैं, जो करने में आसान हैं और सेहत के लिए बहुत लाभकारी हैं। अगर आप जिम जाकर कोई गहन शारीरिक गतिविधि नहीं करते हैं, तो इन सरल एक्सरसाइज को रूटीन में शामिल करके आप कई गंभीर रोगों के खतरे को कम कर सकते हैं और रोग मुक्त रह सकते हैं। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रोशनी, द्वितीय स्थान राधिका और तृतीय स्थान नैना ने प्राप्त किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को माय भारत की टी-शर्ट, कैप, मग, हैंड बैंड और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा 6 बालिकाओं को कंसोलेशन सर्टिफिकेट दिए गए। इस कार्यक्रम में आंचल, आरती, आरजू, मुस्कान, अनुष्का, प्रतीक्षा व अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे।